Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

दरभंगा में लव जिहाद के आरोपित पर बड़ी कार्यवाही, फरार होने पर घर की कुर्की: सामान सारा जप्त ।



दरभंगा: दरभंगा कमतौल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और कथित धर्म परिवर्तन के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। आत्मसमर्पण की समय-सीमा समाप्त होने के बाद दरभंगा पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सितारे नदाफ के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, कमतौल थाना कांड संख्या 29/26 में नामजद आरोपी मोहम्मद सितारे नदाफ पर एक हिंदू नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी करने का आरोप है। पीड़िता के परिजनों ने इसे ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। परिवार का यह भी कहना है कि आरोपी पूर्व में धर्म परिवर्तन कर शादी करने की धमकी दे चुका था। मामले में मो. चमन, मो. अनवर, मो. जमाहिर नदाफ और जमीला खातून समेत कुल पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने पहले डुगडुगी बजवाकर और घर पर इश्तिहार चिपकाकर आरोपी को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि इश्तेहार चिपकाए जाने के बाद आरोपी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि “पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।” इसके बावजूद वह आत्मसमर्पण के लिए सामने नहीं आया।

समय-सीमा समाप्त होने पर पुलिस टीम बुलडोजर और ट्रैक्टर के साथ आरोपी के घर पहुंची और कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। घर से फर्नीचर, अलमारी, कुर्सी, टेबल, पलंग, दरवाजे-खिड़की सहित अन्य सामान जब्त कर थाना ले जाया गया।

डीएसपी सदर-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है, लेकिन सभी आरोपियों के मोबाइल फिलहाल ट्रेसलेस हैं। कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद गांव में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिसे नियंत्रित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

0 Comments