मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कुर्ला पश्चिम के चिराग नगर इलाके में बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया. भूस्खलन के कारण कई घर मलबे की चपेट में आ गए. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं.
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है. पुलिस, बीएमसी, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं.
तड़के करीब 3 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार तड़के करीब 3 बजे से 3:48 बजे के बीच हुआ. कुर्ला के चिराग नगर में राठौड़ मेडिकल के पास गौशिया चॉल और घाटकोपर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ. लगातार बारिश के कारण अचानक पहाड़ी का हिस्सा खिसक गया और मलबा आसपास बने घरों पर जा गिरा. रात का समय होने के कारण लोगों को संभलने का ज्यादा मौका नहीं मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया.
मलबे से 7 शव बरामद
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 7 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं. मृतकों में 14 वर्षीय मोहम्मद समीर अंसारी, 19 वर्षीय साहिल हुसैन अब्दुल काजी, करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति, 2 वर्षीय अबान आरिफ शेख, 4 वर्षीय मनात आरिफ शेख, 27 वर्षीय मरजिना आरिफ शेख और 27 वर्षीय विकेट रमेश यादव शामिल हैं. पुलिस और प्रशासन की टीमें मलबे को हटाकर यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं कोई और व्यक्ति तो उसमें नहीं फंसा है.
7 लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में घायल 7 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. कुर्ला के भाभा अस्पताल में चार घायलों का इलाज चल रहा है. इनमें 18 वर्षीय सोहेल अंसारी, 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी, 28 वर्षीय नईमुद्दीन इकबाल खान और 16 वर्षीय साजिद अंसारी शामिल हैं. सोहेल के सिर में चोट आई है. डॉक्टरों के अनुसार चारों की हालत स्थिर है.
वहीं, राजावाड़ी अस्पताल में तीन घायलों का इलाज जारी है. इनकी पहचान 28 वर्षीय फराना दिलबर खान, 38 वर्षीय दिलबर अमनुल्ला खान और 26 वर्षीय शामिन मुस्लिम खान के रूप में हुई है. तीनों की हालत भी स्थिर बताई गई है.
पुलिस, BMC और NDRF की टीमें मौके पर
हादसे के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी, एनडीआरएफ, 108 एंबुलेंस और स्थानीय वार्ड स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. सभी एजेंसियां मिलकर मलबा हटाने और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं. डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि लगातार बारिश के कारण अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ. उन्होंने कहा कि बचाव अभियान जारी है और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी जरूरी एजेंसियों को तैनात किया गया है.
भारी बारिश के बीच बढ़ी चिंता
मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के कारण कई जगह जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है. कुर्ला की घटना ने एक बार फिर भारी बारिश के दौरान कमजोर ढलानों और कच्ची बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में किसी और व्यक्ति के दबे होने की आशंका को खत्म करना और प्रभावित परिवारों तक जरूरी मदद पहुंचाना है.
90% लोग ये नहीं जानते…
कुछ खबरें बाद में हटा दी जाती हैं 😳
📲 Facebook पर अभी जुड़ें
📢 WhatsApp चैनल जॉइन करें
🔥 वरना आप बड़ी खबर मिस कर सकते हैं!
0 Comments