मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आम से लदी एक पिकअप के पलटने के बाद लोग घायल कारोबारी और उसकी पत्नी की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरे आमों को लूटने में जुट गए।

हादसे में गंभीर रूप से घायल आम कारोबारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पहले हुआ आम लदी गाड़ी का एक्सीडेंट

मधुबनी जिले के निर्मली थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय अजय पासवान अपनी पत्नी संतरा देवी के साथ बंगाल से आम लादकर मुजफ्फरपुर आ रहे थे। शुक्रवार को गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर चौक स्थित एनएच-27 पर उनकी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

आम से सस्ती जान

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में आम बिखर गए। लेकिन घायलों की सहायता करने के बजाय बड़ी संख्या में लोग आम बटोरने और ले जाने में जुट गए। महिला और पुरुष दोनों सड़क पर बिखरे आमों को लूटने में जुटे नजर आए। इस दौरान घायल दंपति पिकअप में ही दर्द से कराहते रहे।

पुलिस ने पहुंचाया घायल दंपति को अस्पताल, पति की मौत

घटना की सूचना मिलने पर गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल पति पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान अजय पासवान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संतरा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस फौरन मौके पर पहुंच गई थी: थानेदार

गायघाट थाना प्रभारी ने बताया कि आम से लदी पिकअप के पलटने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान अजय पासवान की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

घटना का वीडियो भी वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग आम लूटने में व्यस्त हैं, जबकि दुर्घटना में घायल लोगों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। इस घटना ने समाज की संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

⛔ रुकिए! आगे बढ़ने से पहले ये कर लें 👇

90% लोग ये नहीं जानते…
कुछ खबरें बाद में हटा दी जाती हैं 😳

📲 Facebook पर अभी जुड़ें
📢 WhatsApp चैनल जॉइन करें

🔥 वरना आप बड़ी खबर मिस कर सकते हैं!