गुरुग्राम में मोबाइल स्नेचिंग के एक आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर थाने से ही फरार होने की बड़ी घटना को अंजाम दिया. सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद वापस थाने लाया था, लेकिन यहां उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर मौके से भाग निकला. जबकि पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आया. इस घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 265 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी को मोबाइल स्नेचिंग के एक मामले में दिल्ली के गांव मांडी, शांति कॉलोनी निवासी रवि कुमार (25) और भीम बस्ती निवासी आदित्य को गिरफ्तार किया गया था. दोनों आरोपियों पर बाइक से गुड़गांव आकर मोबाइल छीनने की कई वारदातें करने का आरोप है. रवि नशे का आदी है और दोनों साथ मिलकर दिल्ली से गुड़गांव में ऐसे अपराध अंजाम देते थे. कल उन्हें अदालत में पेश किया गया और एक दिन के रिमांड पर लिया गया है.
पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हुआ था आरोपी
अदालत से वापस थाने लाते समय रवि ने थाने के परिसर में पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार होने में सफलता हासिल की. पुलिस ने तुरंत दूसरे आरोपी आदित्य को हवालात में बंद कर दिया, लेकिन रवि भाग निकला. हैड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की शिकायत पर नया केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब रवि की तलाश में छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू कर दी है.
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
यह घटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. थाने के बीच से एक आरोपी का इस तरह फरार होना पुलिसकर्मियों की सतर्कता और प्रबंधन पर बड़ा सवालिया निशान लगा रहा है. गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी की तस्वीर और विवरण जारी कर आम जनता से सूचना देने की अपील की है. अगर कोई रवि के बारे में जानकारी रखता है, तो तुरंत थाने में संपर्क करे.
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में स्नेचिंग करता था आरोपी
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय थे और मोबाइल स्नेचिंग की कई घटनाओं में शामिल थे. रिमांड के दौरान पूछताछ से और जानकारी मिलने वाली थी, लेकिन रवि के फरार होने से जांच प्रभावित हुई है. पुलिस अब अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है और रवि को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है.
पुलिस ने कहा आरोपी जल्द होगा गिरफ्तार
ऐसी घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देती हैं. पुलिस ने कहा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. निवासियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई है.
0 Comments