गांव दोदवा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मां के सामने ही 23 वर्ष के बेटे को हमलावरों ने दौड़ाकर पकड़ लिया गया और सूए से ताबड़तोड़ वार करके मौत के घाट उतार दिया।
युवक के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए गए। युवक लहूलुहान होकर खेतों में गिर पड़ा। स्वजन उसे उठाकर भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल काॅलेज के अस्पताल लेकर गए तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डांस के दौरान हुआ था झगड़ा
युवक की मां ने बताया कि 15 दिन पहले म्यूजिक सिस्टम पर नाचने के दौरान हुए झगड़े की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने छह युवकों पर केस दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कर स्वजन को सौंप दिया गया, जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव दोदवा की कैलाशो देवी ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा बेटा योगेश प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता है और छोटा बेटा युधवीर प्राइवेट बैंक की फाइनेंस शाखा में काम करता था।
गालियां देते हुए सुआ लेकर दौड़ाया
लगभग 15 दिन पहले गांव के ही निक्की उर्फ निकित, अमन, अंकित, मोनू, सन्नी और साहिल के साथ उसके बेटे युधवीर का म्यूजिक सिस्टम पर नाचने को लेकर झगड़ा हुआ था। बाद में पंचायत में समझौता हो गया था, लेकिन वे रंजिश रखे हुए थे। बुधवार शाम वह गांव में पिनाना मार्ग स्थित सरकारी स्कूल के पास पंचायती वाटर कूलर से पानी लेने गई थी। वह पिनाना मार्ग पर पहुंची तो युधवीर जान बचाने के लिए भागता हुआ उसकी तरफ आया। उसके पीछे निक्की, अमन और अंकित हाथों में सूए लेकर दौड़ रहे थे और गालियां दे रहे थे।
तीनों ने घेरकर किए ताबड़तोड़ हमले
मां के अनुसार, तीनों ने उसके बेटे का रास्ता रोककर हमला करने की कोशिश की। उसका बेटा एक दुकान के पास से खेतों की तरफ भाग लिया। वहां तीनों ने युधवीर को पकड़ लिया और उस पर लगातार वार किए। वह चिल्लाते हुए अपने बेटे के पास पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। भागते समय एक हमलावर का सुआ वहीं गिर गया। कैलाशो जानकारों के साथ बेटे को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया। मां की शिकायत पर सदर थाना में छह पर केस दर्ज किया गया।
रेकी करके दिया वारदात को अंजाम
कैलाशो देवी के अनुसार मोनू, सन्नी और साहिल ने रेकी करके अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। निक्की, अमन व अंकित ने उसके बेटे पर सूए से हमले किए। रमेश ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे युधवीर का बेहतर पालन पोषण किया था।
पुलिस में सिपाही या सेना की नौकरी के लिए भी तैयारी करवा रहे थे। उसकी शादी करने की सोच रखी थी, लेकिन उससे पहले ही हत्या करके अर्थी उठवा दी। युधवीर तीन-चार साल से बैंक में नौकरी कर रहा था।
बुधवार को वह रिकवरी के लिए गया था। शाम को पिनाना की तरफ से बाइक पर आ रहा था तो कुछ युवकों ने रास्ते में ही उसकी रेकी शुरू कर दी थी। गांव पहुंचने पर वारदात को अंजाम दिया गया।
"युवक की मां की शिकायत पर छह के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। पूर्व में हुए झगड़े की रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
90% लोग ये नहीं जानते…
कुछ खबरें बाद में हटा दी जाती हैं 😳
📲 Facebook पर अभी जुड़ें
📢 WhatsApp चैनल जॉइन करें
🔥 वरना आप बड़ी खबर मिस कर सकते हैं!
0 Comments