यहां के मांडौठी गांव के रहने वाले एक बुजुर्ग की पानीपत में हत्या कर शव को नहर में बहा दिया गया। 7 अप्रैल को बहादुरगढ़ में बुजुर्ग की गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ है और अब इसमें राजफाश हुआ है।
पुलिस ने हत्या के आरोप में एक महिला समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस उनको वारदात स्थल की निशानदेही के लिए लेकर गई है। आरोपित महिला बहादुरगढ़ के गांव मातन की रहने वाली है। जबकि तीन अन्य आरोपितों में से एक जींद और बाकी दो सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। मृतक राजेंद्र (60) अकेला रहता था। उसके बच्चे नहीं हैं। पत्नी का कुछ समय पहले निधन हो गया था। 7 अप्रैल को बहादुरगढ़ के आसौदा थाना में राजेंद्र के भांजे प्रवीन ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जबकि वह चार अप्रैल से ही लापता था।
आरोपितों ने बुजुर्ग के खाते से पैसे निकलवाए, फोन भी चालू रखा
मृतक बुजुर्ग आरोपित महिला और उसके साथियों के संपर्क में कैसे आया और कैसे उनके चंगुल में फंसा, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। अभी तक की पूछताछ में पता चला है कि आरोपितों ने बुजुर्ग की पानीपत में ले जाकर हत्या की और उसके शव को नहर में बहा दिया। बाद में बुजुर्ग का शव सोनीपत के मोहाना थाना एरिया में बरामद हुआ। वहां पर शव का अंतिम संस्कार हो चुका है।
आरोपितों ने हत्या से पहले और बाद में उसके खाते से पैसे भी निकलवाए। यहां तक की उसका फोन भी चालू रखा। कई परिचितों ने फोन मिलाया तो वह रिसीव तो हुआ लेकिन किसी की आवाज नहीं सुनाई देती थी। इससे शक गहरा गया था। इस बीच आसौदा थाना पुलिस अपनी जांच में चारों आरोपितों तक पहुंच गई।
मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि राजेंद्र ने हाल ही में अपनी जमीन का कुछ हिस्सा लगभग 40 लाख में बेचा था। ऐसे में आरोपित उससे पैसे हड़प रहे थे। अब तक वे बुजुर्ग के कितने पैसे निकलवा चुके, इसको लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपितों में बहादुरगढ़ के मातन गांव की महिला कोमल, जींद जिले का रहने वाला रोहित, सोनीपत के जागसी का सोनू और सोनीपत के ही बोहरा रसूलपुर का सागर शामिल है। चारों आरोपितों को पुलिस ने सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। इधर, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हनी ट्रैप गिरोह तो नहीं।
आरोपितों से पूछताछ चल रही है। पानीपत में जहां पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया, वहां की निशानदेही करवाई जा रही है। पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई जाएगी
90% लोग ये नहीं जानते…
कुछ खबरें बाद में हटा दी जाती हैं 😳
📲 Facebook पर अभी जुड़ें
📢 WhatsApp चैनल जॉइन करें
🔥 वरना आप बड़ी खबर मिस कर सकते हैं!
0 Comments