Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

हरियाणा में होली पर खूनी खेल, 25 हमलावरों ने गंडासियों से गोदा ललित शरीर ।



पानीपत। होली के रंग अभी फीके भी नहीं पड़े थे कि शहर में रंजिश की आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के कुटानी रोड स्थित वर्मा चौक पर बुधवार रात करीब 9 बजे 22 वर्षीय ललित की करीब दो दर्जन हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने कालोनी में चल रही पुरानी रंजिश से जुड़े व्यक्ति के साथ होली का त्योहार मना लिया था।

ललित पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था और मशीनरी फिलिंग का काम करता था। परिवार के अनुसार, बुधवार रात खाना खाने के बाद वह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह वर्मा चौक के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया।

मृतक के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कालोनी का ही रहने वाला अजय करीब 20-25 युवकों के साथ मौके पर आया था। हमलावरों के हाथों में लाठियां, गंडासियां और बर्फ तोड़ने वाले सूए थे। आरोपितों ने ललित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सूओं से शरीर को गोदा गया और गंडासियों से वार किए गए। गंभीर रूप से घायल ललित सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन ललित को तुरंत सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा और वहां सन्नाटा पसरा रहा।

सूचना मिलते ही किला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर नामजद आरोपी अजय समेत अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपित अजय की उसी कालोनी के रहने वाले राजेंद्र नामक व्यक्ति से पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि होली के दिन ललित ने राजेंद्र के साथ मिलकर त्योहार मनाया था। इसी बात से नाराज होकर अजय ने ललित को निशाना बनाया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पहले से किसी तरह की धमकी दी गई थी या हमला पूर्व नियोजित था।

किला थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments