Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

हरियाणा में दिल्ली पुलिस के जवान के घर चोरी, चोरों ने 20 तोला सोना और 10 लाख कैश उड़ाया । सोता रहा परिवार।



झज्जर: हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने एक पुलिस वाले के घर पर डाका डाला है। अज्ञात चोरों ने दिल्ली पुलिस के एक जवान के घर में करीब 50 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय पूरा परिवार घर के अंदर ही सो रहा था और चोर दीवार कूदकर अंदर दाखिल हुए। इस बात की भनक घर के अंदर मौजूद किसी सदस्य को नहीं लगी। अब पुलिस मामले में की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।

सुबह परिवार की नींद खुली तो हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार न्यू वसन्त विहार नगर में स्थित घर के बाहर वाले कमरे में रखी अलमारी से चोर करीब 10 लाख रुपये नकद, 20 तोले सोने के आभूषण और लगभग 250 ग्राम चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार की नींद खुली तो चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। चोरों ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। इतना ही नहीं, वारदात स्थल के सामने बंद पड़े एक मकान में भी चोरी का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।

फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया
सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जमील अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस को चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments