उत्तर प्रदेश में शनिवार को सर्दी के इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया। 15 जिलों में 40 से ज्यादा वाहन कोहरे के कारण टकरा गए। इन घटनाओं में डेढ़ साल की बच्ची समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा घायल हुए। राज्य में 100 से ज्यादा ट्रेन देरी से चल रही हैं।
जम्मू-कश्मीर में कंपकंपाने वाली सर्दी का 40 दिन का चिल्लई कलां जारी है। आज इसका 28वां दिन है। कश्मीर में मिनिमम टेम्परेचर में भारी गिरावट आई। श्रीनगर में टेम्परेचर -4.0°C रहा, शोपियां -5.6°C रहा। इनके अलावा पहलगाम -2.6°C, गुलमर्ग -4.2°C, सोनमर्ग -2.9°C रहा।
हिमाचल के लाहौल स्पीति और चंबा में बर्फबारी हुई। स्पीति के शिंकुला दर्रा में 25 टूरिस्ट व्हीकल बर्फबारी में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया।
शिमला और चौपाल के अलावा सभी शहरों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। सियोबाग का पारा 1.0°C से सीधे 8.0°C पहुंचा। प्रयागराज में संगम के पास घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी बेहद कम रही।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
उत्तर भारत में सर्दी और घना कोहरा बना रहेगा, सुबह-शाम विजिबिलिटी कम रहेगी। पहाड़ी इलाकों (कश्मीर, हिमाचल) में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
19 जनवरी का मौसम
उत्तर भारत में सर्दी और कोहरा जारी रहेगा, तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
राजस्थान और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की बारिश/मावठ के आसार हैं।
उत्तराखंड: उत्तरकाशी में नदी, चमोली में झरने जमे, पहाड़ों में बर्फबारी
उत्तराखंड के 4 जिलों में नदी-नाले और झरने जम चुके हैं, जिसमें पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाके शामिल है। इन इलाकों में पानी की पाइपलाइन भी जम चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।
बिहार: 10 जिलों में पारा 8°C से नीचे, 24 घंटे में भागलपुर रहा सबसे सर्द
बिहार में अभी सर्दी से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तेज सर्दी पड़ने के संकेत दिए हैं। पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से 22 जनवरी के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। अभी भी राज्य के 10 जिलों का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे है। वहीं, बीते 24 घंटे में भागलपुर का सबौर सबसे सर्द रहा। यहां 5 डिग्री के आसपास टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया है।
पंजाब: नवांशहर में तापमान 0.9 डिग्री, 18 जनवरी से बारिश की संभावना
पंजाब और चंडीगढ़ में शनिवार से मौसम बदलने वाला है। बर्फीली हवाएं रुकने से न्यूनतम तापमान बढ़ने लगेगा। 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य तापमान के करीब पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री नवांशहर में दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग ने 18 जनवरी से बारिश की संभावना जताई है।
हरियाणा: 1.5°C तक पहुंचा तापमान, बूंदाबांदी की संभावना
हरियाणा में सर्दी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 जनवरी को राज्य में मौसम बदलेगा। कई क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। हरियाणा में शुक्रवार को भिवानी का न्यूनतम तापमान सबसे कम 1.5 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में तापमान 0.2 डिग्री से बढ़कर 2.2 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग की मानें तो हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
हिमाचल: ऊंची चोटियों पर स्नोफॉल, अगले 6 दिन बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति और चंबा की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार रात हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कांगड़ा, चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति की अधिक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का यलो अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, प्रदेश में अगले छह दिन तक अधिक ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है।
उत्तर प्रदेश: यूपी में घने कोहरे का कहर,100 ट्रेनें लेट; 9 शहरों में स्कूल बंद
यूपी में सीजन का सबसे घना कोहरा छाया है। अब तक मेरठ, फतेहपुर, मैनपुरी समेत 15 जिलों में 40 से ज्यादा गाड़ियां टकराईं। हादसों में 7 की मौत हुई। 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। विजिबिलिटी कम होने से रेलवे और हवाई सफर भी बुरी तरह प्रभावित है। गोरखपुर, वाराणसी समेत तमाम स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। वंदे भारत, शताब्दी जैसी VIP ट्रेनें भी समय पर नहीं हैं।
राजस्थान: प्रदेश में बारिश के आसार, तापमान 5 डिग्री से नीचे, अलवर-फतेहपुर सबसे ज्यादा ठंडे
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम के जिलों में हल्के बादल छा सकते हैं। जिससे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी। वहीं, 22 और 23 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
छत्तीसगढ़: 5 शहरों में पारा 10° से नीचे, अंबिकापुर में 3.9° तापमान, मैदानी इलाकों में रायपुर सबसे ठंडा, 14 जिलों में चलेगी शीतलहर
दो दिन राहत के बाद छत्तीसगढ़ में फिर से ठंड बढ़ गई है। अंबिकापुर में रात का तापमान 3.9 डिग्री पहुंच गया है। वहीं मैदानी इलाकों में रायपुर सबसे सर्द रहा। माना इलाके में रात का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 5 जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
0 Comments