फरीदाबाद: फरीदाबाद समेत पूरे हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है. पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है. आसमान में बादलों का डेरा दिखाई देने लगा है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है. यानी आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होगी और मौसम सुहावना हो जाएगा. फरीदाबाद में जहां लोग गर्मी और उमस से बेहाल थे, वहीं अब बारिश की बूंदें इस तपिश को ठंडक में बदल देंगी.
भारत मौसम विज्ञान विभाग और स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक 15 सितंबर यानी आज के दिन के बाद मानसून एक बार फिर हरियाणा में दस्तक देने जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी हवाएं घूमकर उत्तर-पश्चिमी हो गई हैं, जो सीधे दिल्ली की ओर बढ़ रही हैं. इस बदलाव की वजह से 16, 17 और 18 सितंबर को फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में अच्छी बारिश होने की संभावना है.
बात करें हरियाणा के मौसम की तो हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग अध्यक्ष डॉ. मदनलाल खीचड़ ने बताया कि 16 सितंबर तक मानसून की सक्रियता थोड़ी कम रहेगी, लेकिन उसके बाद तेजी से बढ़ेगी. इससे उत्तरी हरियाणा में भी बारिश का आंकड़ा ऊपर जाएगा. आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार मानसून ने हरियाणा में जमकर बरसात की है. 12 सितंबर तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 395.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 564.6 मिलीमीटर बरसात दर्ज की जा चुकी है. यानी औसत से 43 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है.सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1080 मिलीमीटर दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम सिरसा में 346 मिलीमीटर बारिश हुई है. कुरुक्षेत्र में सामान्य से 100 प्रतिशत ज्यादा, फतेहाबाद में 141 प्रतिशत ज्यादा और महेंद्रगढ़ में 119 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है. यह आंकड़े साफ बताते हैं कि इस बार मानसून हरियाणा में कुछ ज्यादा ही मेहरबान रहा है.
अगर आज यानी 15 सितंबर की बात करें तो केवल पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में ही बारिश के आसार हैं, बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा. वहीं 16 सितंबर को भी यही स्थिति रहेगी पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जबकि बाकी हिस्सों में आसमान साफ रहेगा. आने वाले तीन दिन फरीदाबाद और दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरे साबित होंगे. मानसून की यह वापसी जहां किसानों के लिए वरदान साबित हो सकती है. वहीं आम लोगों को भी चिलचिलाती गर्मी और उमस से राहत की सौगात मिलेगी.
90% लोग ये नहीं जानते…
कुछ खबरें बाद में हटा दी जाती हैं 😳
📲 Facebook पर अभी जुड़ें
📢 WhatsApp चैनल जॉइन करें
🔥 वरना आप बड़ी खबर मिस कर सकते हैं!
0 Comments